उत्तराखंड भाजपा में राजनीतिक विरासत की जंग, बेटों के लिए सजने लगी चुनावी बिसात
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों में टिकट की दावेदारी को लेकर अभी से हलचल तेज होने लगी है। खासतौर पर सत्तारूढ़ भाजपा में वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की कवायद चर्चा का विषय बनती जा रही है। पार्टी के कई वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अपनी लंबी राजनीतिक पारी के बाद अब अपने पुत्रों अथवा परिजनों को चुनावी राजनीति में स्थापित करने की जमीन तैयार कर रहे हैं। कई नेताओं की ओर से अपने परिवार के सदस्यों के लिए विधानसभा टिकट की पैरवी किए जाने से भाजपा के भीतर वंशवाद और परिवारवाद को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता आगामी विधानसभा चुनाव में स्वयं चुनाव लड़ने के बजाय अपने पुत्रों को चुनावी मैदान में उतारने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वहीं कुछ नेता अपनी मौजूदा राजनीतिक पकड़ और संगठन में प्रभाव का इस्तेमाल कर परिवार के सदस्यों के लिए टिकट की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इससे पार्टी के उन कार्यकर्ताओं में भी असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है, जो वर्षों से संगठन में सक्रिय रहकर चुनाव लड़ने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


