हरिद्वार। भगवानपुर थाना क्षेत्र में बाप बेटी के रिश्ते को एक बार फिर तार तार कर दिया है। एक व्यक्ति ने उसकी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इसकी शिकायत अपने स्कूल के प्रिंसिपल से की थी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है। भगवानपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया मुकदमा दर्ज कर लिया है साथ ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल भी कराया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है। भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव में वो पत्नी और 3 बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता है। आरोपी भगवानपुर के औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करता है। उसकी एक नाबालिग बेटी क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में आठवीं कक्षा की छात्रा है। मंगलवार को छात्रा ने अपने स्कूल के प्रधानाचार्य को बताया कि उसका पिता उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका है। छात्रा की बात सुनकर प्रधानाचार्य के होश उड़ गए, जिसके बाद आनन-फानन में प्रधानाचार्य ने भगवानपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरा मामला बताया और शिकायत की।

प्रधानाचार्य की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रधानाचार्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया है, साथ ही छात्रा के कपड़े फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गये हैं। भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के अनुसार आरोपी पहले पश्चिम बंगाल में नौकरी करता था। वहां पर भी उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। छानबीन में पता चला है कि आरोपी अपनी पत्नी को धोखे से किसी काम के बहाने घर के बाहर भेज देता था और बेटी से दुष्कर्म करता था।