रीवा/जयपुर। विप्र सेवा संघ अपने 10वें स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर राजस्थान की राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय गौरव सम्मान–2026 समारोह का भव्य आयोजन करने जा रहा है। इस समारोह में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला जी को विप्र सेवा संघ द्वारा औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है।
विप्र सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शुक्ला के निर्देशन में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत कुमार डींग, संगठन मंत्री गौरव अवस्थी, गोपाल पाठक, सतीश जी, गुडू पाण्डेय, प्रकाश तिवारी, जेपी मिश्रा, नीरज दुबे, जानवी गौतम, विनय त्रिपाठी के आयोजन सहयोग से यह समारोह राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC), जयपुर में आयोजित किया जाएगा।
समारोह में राजस्थान के माननीय राज्यपाल श्री हरिभाऊ किशनराव बागड़े जी मुख्य अतिथि के रूप में, मध्य प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला जी अध्यक्ष के रूप में तथा राजस्थान के माननीय गृहमंत्री जी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संत, समाज के प्रबुद्धजन एवं प्रतिष्ठित हस्तियां कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी।
राष्ट्रीय गौरव सम्मान–2026 के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ IAS, IPS, IFS, IRS अधिकारी, न्यायाधीश, चिकित्सक, शिक्षाविद, कलाकार, खेल जगत की प्रतिभाएं, समाजसेवी एवं पत्रकारों को उनके उल्लेखनीय योगदान, उत्कृष्ट कार्यों एवं समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया जाएगा।
विप्र सेवा संघ के दस वर्षों की सामाजिक एवं सेवा यात्रा को समर्पित यह समारोह देशभर में सेवा, सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
कार्यक्रम के समापन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए बाबा खाटू श्याम के दर्शन का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
विप्र सेवा संघ का यह आयोजन सेवा, सम्मान और सामाजिक समर्पण की भावना को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


