ऑपरेशन प्रहार: उत्तराखंड पुलिस का अपराधियों पर बड़ा एक्शन, 1400 से ज्यादा गिरफ्तार और आतंकी कनेक्शन का पर्दाफाश

उत्तराखंड

Dehradun News| पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ द्वारा आज पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में गढ़वाल एवं कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षकों तथा सभी जनपदों, एसटीएफ एवं जीआरपी के वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विगत एक माह से संचालित राज्यव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान बताया गया कि अपराधियों पर निर्णायक प्रहार अभियान के अन्तर्गत 1,400 से अधिक वांछित, फरार, इनामी एवं पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है। संगठित अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 अभियुक्तों को गिरफ्तार एवं गुण्डा एक्ट के अंतर्गत 130 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। अवैध हथियारों के मामले में कार्रवाई करते हुए राज्यभर से 66 अवैध शस्त्र बरामद कर सम्बन्धित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा अभियुक्त हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को भारी मात्रा में अवैध असलाह एवं कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके तार आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े प्रकरण से पाए गए। वहीं, एसटीएफ ने पाकिस्तानी आतंकी संगठन “अल बरक ब्रिगेड” के संपर्क में रहे अभियुक्त विक्रांत कश्यप को देहरादून से अवैध पिस्टल एवं कारतूसों सहित गिरफ्तार किया। राज्य में विभिन्न स्थानों पर फर्जी पहचान एवं दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से निवासरत 3 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।

सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों एवं शांति भंग करने वाले 4,000 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

अभियान के अन्तर्गत 18,000 से अधिक बार, पब, क्लब, स्पा, होटल एवं ढाबों इत्यादि की चेकिंग गई एवं नियमों के उल्लंघन करने वाले 1200 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। चारधाम यात्रा में यात्रियों को साइबर ठगी से सुरक्षित करने के क्रम में लगभग 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक को ब्लॉक एवं 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबरों को बंद कराया गया। इनके द्वारा यात्रा रजिस्ट्रेशन, हेली टिकट, होटल बुकिंग आदि के नाम पर यात्रियों से ठगी का प्रयास किया जा रहा था। इसके साथ ही संगठित रूप से धोखाधड़ी करने वाले गैर राज्य के 147 लिंक ऑपरेटरों एवं 27 फर्जी मोबाइल फोनधारकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन श्री ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक पी एंड एम/कार्मिक श्रीमती विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक दूरसंचार श्री कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक साइबर श्री नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री सुनील कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *