मुख्य सचिव ने की “25 बिंदु कार्यक्रम” की समीक्षा: जनपदों को एक माह में लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश

उत्तराखंड

मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय में “25 बिंदु कार्यक्रम 2025-26” की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक जनपद के सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी लेते हुए वर्ष 2026-27 के लिए शीघ्र लक्ष्य निर्धारित किए जाने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी जनपदों के लिए अगले एक महीने में लक्ष्य निर्धारित करते हुए पोर्टल में अपडेट कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों के अपने क्षेत्रों में अलग अलग समस्याएं हैं, चैलेंज हैं। इसे ध्यान में रखते हुए अपने फोकस एरिया निर्धारित करते हुए लक्ष्य निर्धारित किए जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि सचिव, विभागाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अपने लक्ष्यों को निर्धारित करते हुए कार्ययोजना तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह इसकी समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि वन विभाग से सम्बन्धित लक्ष्यों को सभी जनपदों के लिए निर्धारित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने विभाग को ऐसे जनपदों, जहां ईको टूरिज्म की योजनाएं नहीं चल रही हैं, को भी ईको टूरिज्म योजनाओं में शामिल किए जाने की बात कही।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ .आर. मीनाक्षी सुंदरम एवं सचिव श्री नितेश कुमार झा सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी एवं जनपदों से जिलाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *