9 से 16 दिसंबर तक प्रेम नगर आश्रम में गूंजेगी श्रीराम कथा, संत विजय कौशल जी महाराज करायेंगे अमृतमयी कथा का रसपान

उत्तराखंड धर्म हरिद्वार
एक हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा से होगा श्रीराम कथा का शुभारंभ, पांच हजार श्रद्धालुओं के बैठने की होगी व्यवस्था
हरिद्वार, 23 नवम्बर। धर्मनगरी हरिद्वार में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊंचाई प्रदान करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय कथावाचक संत विजय कौशल जी महाराज के श्रीमुख से आगामी 9 से 16 दिसंबर तक प्रेम नगर आश्रम में भव्य श्रीराम कथा अमृतवर्षा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आयोजनकर्ता मंगलमय परिवार हरिद्वार एवं श्रीराम कथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय ली ग्राण्ड होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष करन मल्होत्रा ने की।
बैठक में श्रीराम कथा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, आवागमन, स्वागत, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे और आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।
श्रीराम कथा के संयोजक विमल कुमार ने बताया कि पूज्य संत विजय कौशल जी महाराज ने अपने व्यस्त धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में से समय निकालकर हरिद्वार में श्रीराम कथा के आयोजन के लिए दिसंबर माह की निर्धारित तिथियों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। उनके हरिद्वार आगमन को लेकर श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी जनता में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति द्वारा कथा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा इसे भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समर्पित भाव से जुटे हुए हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष करन मल्होत्रा ने बताया कि प्रेम नगर आश्रम स्थित गोवर्धन हॉल में श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, जहां लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था रहेगी। कथा के दौरान बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
8 दिसंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
श्रीराम कथा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व 8 दिसंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा के प्रमुख रमेश उपाध्याय ने बताया कि एक हजार महिलाओं की सहभागिता से यह कलश यात्रा सायं तीन बजे गोविन्दपुरी गंगा घाट से प्रारंभ होकर कथा स्थल प्रेम नगर आश्रम तक पहुंचेगी। कलश यात्रा को लेकर महिलाओं एवं श्रद्धालुओं में उत्साह है। धार्मिक वातावरण में निकलने वाली यह यात्रा श्रीराम कथा के शुभारंभ का मंगलमय संदेश देगी।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज में मर्यादा, संस्कार, सेवा, सद्भाव और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं उनके जीवन चरित्र से समाज को प्रेरणा मिलती है। संत विजय कौशल जी महाराज की अमृतमयी वाणी में श्रीराम कथा का श्रवण करना श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद एवं पुण्य का अवसर होगा।
बैठक में डॉ. जितेन्द्र सिंह, अनिल कुमार गुप्ता, आशीष बंसल, बालकृष्ण शास्त्री, रामचन्द्र पाण्डेय, केशव लाल अरोड़ा, श्रवण कुमार गुप्ता, जे.पी. जुयाल, केशव जोशी, पराग गुप्ता, वाई.पी. सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, मुरारी लाल वाधवा, दिनेश बोहरा, शैलेष गुप्ता, सुदीप बनर्जी, सुमेन्द्र नागर सहित श्रीराम कथा आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से श्रीराम कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *