दबंगों पर लगाया जमीन कब्जाने का आरोप
हरिद्वार, 9 अप्रैल। जगजीतपुर राजा गार्डन निवासी चंदन सैनी ने प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता कर दबंगों पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों को जानकारी देते हुए चंदन सैनी ने बताया कि 2020 में उन्होंने रायवाला में जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। जमीन पर उनका कार्यालय भी बना हुआ है। चंदन सैनी ने बताया कि 1 अप्रैल को कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दी कि तुम्हारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। कुछ लोग गेट का ताला तोड़कर अंदर से सामान उठा रहे हैं। एक बैनर भी चस्पा किया जा रहा है। जिस पर कार्यालय भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मा गुरूंग लिखा हुआ है। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो लक्ष्मी गुरुंग, हरपाल सैनी और सतपाल सैनी ने उनके साथ गाली गलौज की और डराने धमकाने लगे। जमीन को अपना बताकर लड़ाई झगड़े पर उतारू हो गए। धमकी देकर भाग जाने की बात कही। चंदन सैनी ने बताया कि उन्होंने रायवाला पुलिस को तहरीर देकर पुलिस प्रशासन से जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से जान माल की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाते हुए चंदन सैनी ने कहा कि जमीन को कब्जा मुक्त कराने के साथ दोषीयों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

