हरिद्वार से देश की बेटियों को मिली नई उड़ान: केंद्रीय मंत्रियों ने किया ‘नव्या 2.0’ का शुभारंभ, 100 जिलों की युवा महिलाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

उत्तराखंड

Dehradun News | केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने आज हरिद्वार स्थित उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ किया।

नव्या (NAVYA – Nurturing Aspirations through Vocational Training for Young Women and Adolescent Girls) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों और युवा महिलाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के अवसरों का विस्तार करना है, ताकि वे उभरते हुए करियर विकल्पों को अपना सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

नव्या 2.0 के तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें आकांक्षी एवं दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत पात्रता आयु सीमा 16–18 वर्ष से बढ़ाकर 16–25 वर्ष कर दी गई है। इसके तहत उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप, उभरते हुए तथा गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही, प्रशिक्षित युवतियों के लिए रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।

कार्यक्रम के जिला स्तर पर क्रियान्वयन के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्धारित की जाएगी। स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन से लेकर प्रमाणन तक सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही, उनके प्रशिक्षण की प्रगति पर भी नजर रखी जाएगी।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प अधूरा रहेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाएं केवल विकास की लाभार्थी ही नहीं, बल्कि उसकी नेतृत्वकर्ता भी होनी चाहिए। उन्होंने मां गंगा की अविरल धारा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी निरंतर प्रवाहमान प्रकृति हमें निरंतर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में उनका सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है और नव्या 2.0 इस प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य नोडल अधिकारी इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन का नेतृत्व करेंगे और एसआईडीएच पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रगति पर नजर रखी जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रत्येक बालिका सार्थक रोजगार की दिशा में आगे बढ़े।

श्री जयंत चौधरी ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि नव्या 2.0 अधिक से अधिक युवा महिलाओं, विशेषकर वंचित और पिछड़े जिलों की युवतियों को नए करियर विकल्प तलाशने, अप्रेंटिसशिप के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपने उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों तथा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) 4.0 के तहत प्रशिक्षित 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक, लोकसभा सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव श्रीमती देबाश्री मुखर्जी, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक, संयुक्त सचिव सुश्री हेना उस्मान, संयुक्त सचिव श्री अजीत कुमार तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *