हरिद्वार, 20 जुलाई। देवभूमि अधिकार मंच के संयोजक प्रमोद खारी ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव लकसर सीट से लड़ने की घोषणा की है।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रमोद खारी ने कहा कि सरकार और संगठन के विभिन्न स्तरों पर जनसमस्याओं को लगातार उठाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसी निराशा और पीड़ा के कारण उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष भी क्षेत्र की समस्याएं रखी गईं, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। खारी ने कहा कि वे जनसेवा के उद्देश्य से राजनीति में आए हैं, किंतु सरकार और प्रशासन जनहित के मुद्दों के प्रति गंभीर नहीं दिखे। लक्सर क्षेत्र की समस्याओं से शासन-प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समाधान के बजाय केवल आश्वासन ही मिले।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में भी जनता की समस्याओं का समाधान न होना सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी पद या टिकट की लालसा नहीं है। लक्सर की जनता के आशीर्वाद से वे आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
प्रमोद खारी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे के दौरान प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
इस अवसर पर उनके साथ मौजूद भाजपा नेता नमन गोस्वामी ने भी भाजपा छोड़ने की घोषणा की

