साथियों पर बर्फ का पूरा पहाड़ पड़ा था, मेजर देवल की आपबीती

उत्तराखंड राज्य राष्ट्रीय

रिपोर्ट- अर्जुन कश्यप”

हम सब बुरी तरह फंसे हुए थे। हमारे साथी बर्फ में फंसे थे। हम उन्हें छोड़कर आगे बढ़ गए। बर्फ का पूरा पहाड़ उनके ऊपर पड़ा था। हम थोड़ा आगे बढ़े और अपने घायल साथियों को संभाला। इसके बाद हाइपर थर्मियां भी होने लगा। लग रहा था कि अब कोई नहीं बचेगा। लेकिन, जैसे तैसे हिम्मत बांधी और बर्फ के पहाड़ के नीचे दबे अपने साथियों को निकालने का प्रयास किया। इन सबकी मृत्यु हो चुकी थी।

हम और साथियों को भी तलाशने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन, मौसम फिर से बिगड़ गया। एयरफोर्स और एनडीआरएफ की टीम वहां पहुंची और हमे बेस कैंप ले गई। लेकिन, इसके बाद घटनास्थल पर जाने का किसी को मौका नहीं मिला। बर्फ के पहाड़ में फंसकर छह घंटे बाद निकले मेजर देवल वाजपेई ने यह सब बातें एसडीआरएफ के कमांडेंट मणिकांत मिश्रा को बताई।

इस बातचीत के आधार पर मिश्रा ने बताया कि वहां से कुल 46 लोग लौट रहे थे। इनमें से 16 लोग कुछ आगे थे और 30 पीछे। मेजर वाजपेई ने बताया है कि वह दोपहर ढाई बजे के आसपास वहां से निकले थे। उन्हें पता था कि बाकी सब पीछे दब गए हैं। लेकिन, उस वक्त वहां से आगे जाने के अलावा कोई चारा न था।

16 में से दो लोगों को चोट भी आई थी। इन्हें संभालने के बाद यह सब पीछे गए और फिर चार साथियों को निकाला। चारों की मृत्यु हो चुकी थी। इनमें दो ट्रेनर और दो प्रशिक्षु शामिल थे।

मेजर ने बताया है कि वहां पर कुछ और लोग भी दिख रहे थे। लेकिन, सब बुरी तरह दबे हुए थे। उनके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। कमांडेंट ने बताया कि बुधवार को बेस कैंप से एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और निम की टीमें पैदल घटनास्थल के लिए निकली हैं। ये टीमें बृहस्पतिवार दोपहर तक घटनास्थल पर पहुंचेंगी।

जहां दबे पर्वतारोही, वहां अब तक नहीं पहुंच पाई रेस्क्यू टीम

आपको बता दें कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए निकला 46 पर्वतारोहियों का दल डोकराणी बामक ग्लेशियर क्षेत्र में जिस जगह हिमस्खलन की चपेट में आया, वहां तक अभी रेस्क्यू टीम पहुंची ही नहीं है। वहां फंसे पर्वतारोहियों ने खुद के साथ साथियों को रेस्क्यू तक बेस कैंप तक पहुंचाया। वहां से बुधवार को 14 लोगों को हेलीकॉप्टर से मातली लाया गया। दल के बाकी 26 प्रशिक्षु अभी भी लापता हैं। इस दल के चार लोगों की मौत मंगलवार को ही हो चुकी है।

कमांडेंट एसडीआरएफ मणिकांत मिश्रा ने बताया कि वहां मौसम खराब है। घटना स्थल इतनी ऊंचाई पर है कि वहां दो मीटर आगे देखना भी मुश्किल होता है। बुधवार को टीम बेस कैंप से एडवांस कैंप तक पहुंच पाई है। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे तक रेस्क्यू टीम के घटना स्थल तक पहुंचने की उम्मीद है। रेस्क्यू टीम के घटना स्थल तक पहुंचने के बाद यहां रेस्क्यू शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सुबह का समय सबसे बेहतर होता है। उन्होंने बताया कि पूर्ण रूप से स्वस्थ दो प्रशिक्षक बेस कैंप में ही रुक गए ताकि आवश्यकता पड़ने पर रेस्क्यू में सहयोग कर सकें। मातली लाए गए मामूली रूप से घायल पांच लोगों का जिला चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। वहीं 9 लोग पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं।

वहीं जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने बताया कि आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हर सेक्टर पर जिलास्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। निम के रजिस्ट्रार विशाल रंजन ने बताया कि इस कोर्स में कुल 54 प्रशिक्षु, सात प्रशिक्षक और 5 नर्सिंग स्टाफ था। इसमें से 20 प्रशिक्षु विभिन्न कारणों से द्रौपदी का डांडा नहीं गए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *