भर्ती घोटालों को लेकर यूकेडी प्रदेश भर में आंदोलन करेगी तेज

उत्तराखंड

चार दिन से भूख हड़ताल पर बैठे भगत चौहान को पूर्व केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने पिलाया जूस, अस्पताल में भर्ती

रुद्रप्रयाग। भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में चल रही भूख हड़ताल केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में खत्म हो गई है। इस मौके पर निर्णय लिया गया कि आंदोलन को गति देने के लिए जल्द विधानसभा का घेराव किया जाएगा। साथ ही जनपदों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

यूकेडी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ आंदोलनकारी एपी जुयाल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल की मौजूदगी में चार दिन से भूख हड़ताल पर बैठे यूकेडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत चौहान का आमरण-अनशन समाप्त कराया। इसके बाद भगत चौहान को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।

इस मौके पर एपी जुयाल ने कहा कि आंदोलन की अग्रिम रणनीति के तहत जल्द विधानसभा का घेराव किया जाएगा। साथ ही जनपद मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यह लड़ाई अब खत्म नहीं होगी। उन्होंने रुद्रप्रयाग इकाई को बधाई देते हुए कहा कि युवा नेता मोहित डिमरी और भगत चौहान ने अपनी जान जोखिम में डालकर आंदोलन को गति देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस ने षड्यंत्र के तहत संसाधनों को लूटा है। यहां के बेरोजगारों का हक छीना है। आज नौकरियां सिर्फ नेताओं और अधिकारियों के रिश्तेदारों के लिए हैं। बेरोजगार युवा सड़कों पर धक्के खाने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि यूकेडी प्रदेश भर में युवाओं और महिलाओं के सुरक्षित भविष्य की लड़ाई लड़ने जा रहा है।

यूकेडी के मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता शांति भट्ट ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस ने मूल निवास खत्म कर दिया है। इससे उत्तराखंड के लोगों को नुकसान हुआ है और बाहरी लोगों को फायदा मिला है। यूकेडी मूल निवास, सशक्त भू कानून, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी मुद्दों को लेकर लड़ रहा है। अब उत्तराखंड को बचाने के लिए बड़े फलक पर लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश को यूकेडी ही बचा सकती है।

पिछले चार दिन से आमरण-अनशन पर बैठे यूकेडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत चौहान ने कहा कि हमारे युवाओं को समझना होगा कि भाजपा-कांग्रेस के राज में उन्हें नौकरियां नहीँ मिलेंगी। सिर्फ नेताओं के रिश्तेदारों के लिए नौकरियां हैं। या फिर ऊंची पहुँच होनी जरूरी है। अगर आपको नौकरियां चाहिए तो सड़कों पर उतरना ही होगा। दूसरा कोई विकल्प नहीं है। अपने हक के लिए युवाओं को लड़ना होगा।

जिलाध्यक्ष बलवीर चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगाई, जिला महामंत्री अशोक चौधरी, केंद्रीय सचिव पृथ्वी पाल रावत, केंद्रीय युवा सचिव सुबोध नौटियाल, थराली विधानसभा के प्रत्याशी रहे केएक शाह, ब्लॉक अध्यक्ष कमल रावत, कर्णप्रयाग से अर्जुन सिंह रावत ने कहा कि पूरे प्रदेश में यूकेडी भर्ती घोटालों को जोर-शोर से उठा रही है। शहादतों से बने इस राज्य के बेहतर भविष्य के लिए आगे भी लड़ाई जारी रहेगी। यूकेडी द्वारा रुद्रप्रयाग में की गई भूख हड़ताल का प्रदेश में बहुत बड़ा संदेश गया है और युवा सोचने के लिए मजबूर हुआ है।

इस मौके पर पूर्व सभासद चंद्रमोहन गुसाईं, लक्ष्मी कांत रमोला, मगनानंद सेमवाल, प्रमोद पंवार, रजनीश सकलानी, आशीष बहुगुणा, मोहित कंडारी, कुलदीप कंडारी, दीपक भट्ट, प्रेम लिंगवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *