भारतीय आजादी का अमृतोत्सव विगत् एक वर्ष से मॉरीशस में भी मनाया जा रहा है: शिवचरण

राज्य

भारतीय आजादी के अमृतोत्सव पर मातृभूमि सेवा मिशन द्वारा आयोजित वर्षभर के कार्यक्रमों का समापन एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में त्रिदिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ
मातृभूमि शिक्षा मंदिर के विद्यार्थियों ने आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आजीवन राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया
कुरुक्षेत्र\ आजादी का अमृतोत्सव देश को स्वतंत्र करने के लिए जिन राष्ट्र सुपूतों ने बलिदान दिया और बहुत कष्ट सहे उन्हें याद करने का यह महत्वपूर्ण पर्व है। आज भारतीय आजादी के 75 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। इसलिए आजादी के अमृत महोत्सव के माध्यम से सभी देश के लोगों को स्वतंत्रता और लोकतंत्र के सही मायने बताने बहुत जरूरी है और साथ ही यह बताना भी जरूरी है कि इन 75 वर्षों में भारत ने क्या उपलब्धियां हासिल की हैं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का वैश्विक महत्व क्या है। यह विचार आजादी के अमृतोत्सव पर मातृभूमि सेवा मिशन द्वारा आयोजित वर्षभर के कार्यक्रमों का समापन एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिदिवसीय कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने व्यक्त किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र एवं कार्यक्रम के अति विशिष्ठ अतिथि मॉरीशस गणराज्य के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता शिवचरण धौताल ने संयुक्त रूप से भारतमाता के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीपप्रज्जवलन से किया। त्रिदिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिवस मातृभूमि सेवा मिशन द्वारा आजादी संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। मातृभूमि शिक्षा मंदिर के विद्यार्थियों ने राष्ट्र के गौरव का प्रतीक तिरंगा ध्वज फेरा कर देश के शहीदों को नमन किया और आजीवन राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। विद्यार्थियो ने देश भक्ति, राष्ट्र एवं राष्ट्रीयता से ओत-प्रोत प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए।

डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने आजादी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी भारत के अनेक शूर्यवीरों त्याग, समर्पण एवं बलिदान का परिणाम है। भारत विश्व का सबसे बड़ा संविधानिक देश है। भारत में विभिन्न प्रकार के जाति धर्म समुदाय रंग रूप संस्कृति के लोग मिलजुल कर रहते है। 15 अगस्त 2022 को भारत अपनी आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। 15 अगस्त 1947 को भारत में ब्रिटिश सरकार से आजाद हुआ था। हमारे स्वतंत्रता सेनानी सालों तक अंग्रेज सरकार से लड़ते रहे और अंत में हिंदुस्तान को आजाद किया। आजादी का अमृत महोत्सव एक राष्ट्रीय महोत्सव है। यह महोत्सव 75 सप्ताह तक मनाया जायेगा।

डॉ. मिश्र ने कहा कि आज भारत एक परामाणु शक्ति होने के साथ ही बड़ी सैन्य शक्ति भी है। यही नहीं चांद और मंगल पर मानव रहित मिशन भेजने वाले 5 देशों की सूची में भारत का भी नाम शामिल है जो कि हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है। भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जिसने बहुत कम व्यय में मंगल मिशन के पहली बार में ही सफल बनाया। बात की जाए उत्पादन की तो इस मामले में भी भारत ने कई देशों को पीछे छोड़ दिया है।

कार्यक्रम के अति विशिष्ठ अतिथि शिवचरण धौताल ने कहा कि भारतीय आजादी का अमृतोत्सव विगत् एक वर्ष से मॉरीशस में भी मनाया जा रहा है। प्रत्येक मॉरीशस वासी के लिए भारत के आजादी का अमृतोत्सव एक पर्व के रूप में है एवं गर्व एवं स्वाभिमान का प्रतीक है। भारत मॉरीशस के लोगों के लिए भारत एक तीर्थ के समान है। भारत के स्वतंत्रता दिवस पर पूरा मॉरीशस तिरंगे के रंग में एवं तिरंगे की रोशनी से जगमगा रहा है। मातृभूमि सेवा मिशन भारतीय आजादी के अमृतोत्सव पर विगत् एक वर्ष से आयोजित समस्त कार्यक्रम राष्ट्रीयता एवं विश्व बंधुत्व से परिपूर्ण हैं। कार्यक्रम में कपिल मदान, छात्रावास अधीक्षक हरि व्यास, शिक्षक बाबू राम, गुरप्रीत सिंह एवं काइंड बिगंस, कुरुक्षेत्र के स्वयंसेवकों सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम् से हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *